बैंक कार्मिकों ने काला बैज लगाकर जताया विरोध, तीन दिवसीय हड़ताल को लेकर एकजुटता
हाथरस, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को काला बैज लगा कर प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस, अलीगढ़ रोड शाखा और सेवा शाखा के कर्मचारियाें ने विरोध जताते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पीएलआई में समानता और अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के पदाधिकारी पुष्पांकर जैन ने बताया कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन तेज किया जाएगा बैंक कार्मिकों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था का मुद्दा लंबे समय से लंबित है। संगठन के अनुसार सोमवार से शुक्रवार तक कार्य दिवसों में आवश्यक अतिरिक्त कार्य समय को समायोजित करते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव सरकार के अनुमोदन के लिए भेजा गया था, लेकिन इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। कार्मिकों ने पीएलआई व्यवस्था में समानता और पारदर्शिता की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए प्रोत्साहन की व्यवस्था में समानता होनी चाहिए और बैंक के समग्र प्रदर्शन से जुड़े समान आधार पर व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

