हाथरस : मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन का बड़ा एक्शन, देर रात फैक्ट्री और कोल्ड स्टोरेज पर छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस : मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन का बड़ा एक्शन, देर रात फैक्ट्री और कोल्ड स्टोरेज पर छापेमारी


हाथरस, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद ।में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हाथरस जिला प्रशासन ने सादाबाद क्षेत्र में देर रात बड़ी कार्रवाई की। एडीएम प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने आगरा-अलीगढ़ रोड स्थित अनंत एडिबल प्राइवेट लिमिटेड अचानक छापेमारी कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। देर रात हुई इस कार्रवाई से संबंधित प्रतिष्ठानों में खलबली मच गई।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के निर्माण, गुणवत्ता, रखरखाव और भंडारण से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टीम को कई खामियां मिलीं। व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर एडीएम प्रकाश चंद्र ने नाराजगी जाहिर की और संबंधित जिम्मेदारों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य से जुड़े मानकों का गंभीरता से पालन करने पर जोर दिया। कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के कई नमूने एकत्रित किए। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता सामने आती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। एडीएम प्रकाश चंद्र ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782255 Articles

Share this story