हाथरस : लापता चार वर्षीय मासूम का शव नहर में मिला, दो संदिग्ध हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस : लापता चार वर्षीय मासूम का शव नहर में मिला, दो संदिग्ध हिरासत में


हाथरस, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोंढर जहांगीरपुर में चार दिन से लापता चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव गुरुवार को नहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई पुलिस परिजनों द्वारा जताए गए शक और उनके बयानों के आधार पर दो आरोपिताें को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

परिजनों के अनुसार बच्ची 9 नवंबर की शाम करीब पांच बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी देर तक आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों ने थाना सिकंदराराऊ पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ पुलिस टीमों के साथ लगातार तलाश अभियान चला रहे थे। पुलिस की कई टीमें आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रही थीं। गुरुवार को बच्ची का शव नहर में मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा हाथरस फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, परिजनों द्वारा जताए गए शक और उनके बयानों के आधार पर दो आरोपिताें को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में दर्ज मुकदमे को आवश्यक धाराओं में तरमीम कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story