लखनऊ : हरियाली तीज पर 2100 महिलाओं की सहभागिता से ‘घर-घर हरियाली’ अभियान काे मिली ऊर्जा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
लखनऊ, 16 अगस्त (हि.स.)। हरियाली तीज के पावन अवसर पर रविवार को राजधानी लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में शिवि शिल्प ग्राम की ओर से ‘घर-घर हरियाली’ अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने सम्मिलित होकर उपस्थित मातृशक्ति का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में 2100 महिलाओं की सहभागिता से ‘घर-घर हरियाली’ अभियान काे ऊर्जा मिली पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रति समाज में जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि हरियाली तीज हमारी संस्कृति और प्रकृति के प्रति प्रेम का सुंदर पर्व है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में सहायता मिलती है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम की आयोजक एवं अध्यक्ष पुनीता भटनागर सहित सभी आयोजकों एवं सहभागी महिलाओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी गई।
इस अवसर पर पूर्व महामंत्री, अवध क्षेत्र राजेश्वरी त्रिपाठी, कौशल्या सिंह सहित लखनऊ एवं प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पधारीं महिला शक्ति की उपस्थिति रही। हरियाली तीज के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने परंपरा, नारी शक्ति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए समाज को हरित एवं स्वस्थ भविष्य का संदेश दिया।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

