हार्डवेयर की दुकान में आग लगने से 11 लाख का नुकसान, सामान जलकर राख
औरैया, 25 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पीपरपुर में देर रात कान्हा इंटरप्राइजेज हार्डवेयर की दुकान में आग लगने से करीब 11 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा हार्डवेयर का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदार ने घटना के संबंध में अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पीपरपुर निवासी प्रवेश कुमार कान्हा इंटरप्राइजेज के नाम से हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह वह शनिवार की शाम को दुकान बंद करके घर चले गए थे। देर रात उनकी दुकान में आग लग गई। सुबह ग्रामीणों ने दुकान से धुआं उठता देखा तो इसकी सूचना प्रवेश कुमार को दी। जानकारी मिलते ही दुकानदार आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो चुका था। दुकानदार के अनुसार, आग लगने से करीब 11 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा सामान नष्ट होने से उन्हें आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।
घटना के संबंध में प्रवेश कुमार ने थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने मामले की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाने, दोषी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और उसे गिरफ्तार करने की मांग की है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

