गांधी जयंती पर 341 गांवों में होगा जलार्पण, शुरू होगी हर घर नल से नियमित पेयजल आपूर्ति

WhatsApp Channel Join Now
गांधी जयंती पर 341 गांवों में होगा जलार्पण, शुरू होगी हर घर नल से नियमित पेयजल आपूर्ति


-इन गांवों में अब नियमित पेयजल आपूर्ति होगी शुरू

-प्रदेश में अब तक 18,878 जलार्पण, 38,281 गांव रिपोर्टेड

लखनऊ, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत 341 गांवों में जलार्पण किया जाएगा। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा इन गांवों में पूरी की गई पेयजल योजनाएं ग्रामीणों को समर्पित की जाएंगी। जलार्पण के साथ इन गांवों में घर-घर नल से नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू होगी।

प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप पेयजल योजनाओं के विस्तार के साथ हर घर जल की स्थिति में भी लगातार प्रगति हुई है। प्रदेश में अब तक 18,878 जलार्पण किए जा चुके हैं। वहीं, 28, 385 गांवों का सर्टिफिकेशन हो चुका है। साथ ही हर घर जल योजना के तहत 38,281 गांव रिपोर्टेड हो चुके हैं।

क्या है जलार्पण

जलार्पण उस चरण को कहा जाता है, जब गांव की पेयजल योजना पूरी हो जाती है और घरों तक नल कनेक्शन के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था तैयार हो जाती है। इसके बाद योजना को गांव की जनता को समर्पित किया जाता है और नियमित जलापूर्ति की शुरुआत होती है। जल जीवन मिशन के तहत उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का फोकस केवल पेयजल योजनाओं को पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं के संचालन, रखरखाव और ग्रामीण परिवारों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने पर भी है।

रिपोर्टेड गांव का क्या है मतलब?

हर घर जल योजना में रिपोर्टेड गांव वे गांव हैं, जहां 100 प्रतिशत घरों में पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके बाद गांव में योजना के क्रियान्वयन की स्थिति का सत्यापन किया जाता है और ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव आदि के हस्ताक्षर के बाद गांव का सर्टिफिकेशन किया जाता है।

जलार्पण के बाद योजनाओं के संचालन पर जोर

जलार्पण के बाद पेयजल योजनाओं का नियमित संचालन और रखरखाव महत्वपूर्ण होगा। गांवों में नियमित जलापूर्ति, पानी की गुणवत्ता और योजनाओं की कार्यशीलता की निगरानी की जाएगी। गांव जल एवं स्वच्छता समितियां इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। ग्रामीणों की भागीदारी से पेयजल योजनाओं की निगरानी और स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिलेगी।

हर घर जल से ग्रामीण परिवारों के जीवन में आ रहा बदलाव

उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा, “महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता और ग्राम स्वराज को हमेशा प्राथमिकता दी। गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेश के 341 गांवों में होने वाला जलार्पण इसी भावना के अनुरूप गांवों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जल जीवन मिशन के माध्यम से हमारी सरकार गांव के हर परिवार तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। घर में पानी पहुंचने से महिलाओं और बेटियों का समय और श्रम बचता है, बच्चों की पढ़ाई को बेहतर अवसर मिलता है और ग्रामीण परिवारों के जीवन में सुविधा आती है। हमारा प्रयास है कि हर घर जल की सुविधा गांवों में केवल कनेक्शन तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों को नियमित रूप से इसका लाभ मिले।”

नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता

प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) योगेश कुमार ने कहा, “जल जीवन मिशन के तहत हमारा फोकस हर ग्रामीण परिवार तक नल से जल पहुंचाने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करना है कि जलापूर्ति लगातार और गुणवत्तापूर्ण बनी रहे। 2 अक्टूबर को 341 गांवों में होने वाला जलार्पण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जलार्पण के बाद योजनाओं का बेहतर संचालन, रखरखाव और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता होगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ गांव जल एवं स्वच्छता समितियों और ग्रामीणों की भागीदारी भी जरूरी है।”

एक नजर में उपलब्धि

- प्रदेश में अब तक 18,878 जलार्पण हो चुका

- 28, 385 गांवों का सर्टिफिकेशन पूर्ण

- हर घर जल योजना के तहत 38,281 गांव रिपोर्टेड

सड़कों की मरम्मत के लिए पूरे प्रदेश में अभियान जारी

जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और पुनर्स्थापना के लिए पूरे प्रदेश में रोड रेस्टोरेशन अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा ऐसी सड़कों को चिह्नित कर पुनर्स्थापना का कार्य कराया जा रहा है। यदि किसी गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत अभी तक नहीं हुई है, तो ग्रामीण जल सारथी ऐप पर सड़क की फोटो और वीडियो अपलोड कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों की निगरानी की जाएगी और संबंधित समस्या के निस्तारण के लिए कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story