सरकारी अस्पताल में तोड़फोड़, एफआईआर दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी अस्पताल में तोड़फोड़, एफआईआर दर्ज


हमीरपुर 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे मुस्करा क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गहरौली में ड्यूटी के दौरान उपद्रव, अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा एवं अस्पताल में तोड़फोड़ किए जाने के मामले में सोमवार को पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गहरौली में तैनात फार्मासिस्ट सुनीत कुमार ने थाना मुस्करा में दी गई लिखित तहरीर में आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान कुछ लोग अस्पताल परिसर में पहुंचे और हंगामा करने लगे। आरोप है कि इन लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई, अस्पताल कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। अस्पताल की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। विनय राजपूत और उसकी साथियों ने चार-पांच खिड़कियों की कांच तोड़ दिए और में गेट का एक पल्ला कब्जे से अलग कर दिया शिकायत में जीतू राजपूत, विनय राजपूत एवं राहुल को नामजद किया गया है, जबकि कुछ अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल यूपी डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही उपद्रव करने वाले लोग मौके से चले गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना मुस्करा पुलिस ने शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। -------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story