मीरजापुरः हलिया ब्लॉक की क्षेत्र पंचायत बैठक में 3.57 करोड़ का बजट पास

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुरः हलिया ब्लॉक की क्षेत्र पंचायत बैठक में 3.57 करोड़ का बजट पास


- सड़क, नाली, पेयजल और आंगनबाड़ी विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता

मीरजापुर, 13 जुलाई (हि.स.)। हलिया ब्लॉक सभागार में सोमवार को ब्लॉक प्रमुख श्रीमती देवी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पंचम राज्य वित्त आयोग एवं केंद्रीय वित्त आयोग की धनराशि से 3 करोड़ 57 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।

खंड विकास अधिकारी विमल प्रकाश पाण्डेय ने पिछली बैठक की कार्यवाही और आय-व्यय का विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि स्वीकृत बजट से ग्राम पंचायतों में सीसी रोड, नाली निर्माण, खड़ंजा, पेयजल व्यवस्था, सामुदायिक भवनों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प तथा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि धनंजय पाण्डेय ने कहा कि बजट का प्रत्येक रुपया जनहित और विकास कार्यों पर खर्च होना चाहिए। उन्होंने गुणवत्ता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव देने का आह्वान किया।

खंड विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्त आयोग की धनराशि से कराए जाने वाले सभी विकास कार्यों का एस्टीमेट शीघ्र तैयार किया जाए। उन्होंने जेई, एमआई और ग्राम सचिवों को जियो टैगिंग के बाद ही भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सड़क, नाली, पुलिया निर्माण, हैंडपंप रिबोर सहित विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे, जिनमें से अधिकांश को बजट में शामिल किया गया। इस दौरान एडीओ पंचायत रुपेश श्रीवास्तव, डॉ. विवेक खरे, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, नमामि गंगे प्रभारी प्रशांत तिवारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story