बारिश से मिली राहत, ओलों ने फसलें तबाह कीं

WhatsApp Channel Join Now
बारिश से मिली राहत, ओलों ने फसलें तबाह कीं


मीरजापुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। हलिया क्षेत्र में बुधवार को मौसम ने ऐसा पलटा खाया कि एक तरफ लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर किसानों की मेहनत पर ओलावृष्टि ने पानी फेर दिया। दोपहर तक 42 डिग्री तापमान और लू के थपेड़ों से लोग बेहाल थे, लेकिन दोपहर बाद अचानक काले बादल छा गए और तेज बारिश के साथ ओले गिरने लगे।

नदना और सगरा गांव में ओलावृष्टि इतनी तेज हुई कि खेत सफेद चादर से ढंक गए। उर्द और सब्जियों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, लेकिन किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई।

सगरा गांव के किसान शिवशंकर ने बताया कि डेढ़ बीघा में बोई गई उर्द की फसल अंकुरित ही हो रही थी, तभी ओलों ने उसे नष्ट कर दिया। वहीं दूधनाथ ने कहा कि एक बीघा में बोई गई फसल जमने से पहले ही खत्म हो गई। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story