गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर काशी में निकली भव्य शोभायात्रा, गुरुवाणी और कीर्तन से गूंज उठी नगरी

WhatsApp Channel Join Now
गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर काशी में निकली भव्य शोभायात्रा, गुरुवाणी और कीर्तन से गूंज उठी नगरी


गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर काशी में निकली भव्य शोभायात्रा, गुरुवाणी और कीर्तन से गूंज उठी नगरी


वाराणसी, 15 नवंबर (हि.स.)। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता, प्रेम, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को धर्मनगरी काशी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। गुरुवाणी के मधुर स्वर, कीर्तन और बैंड की धुनों से पूरी नगरी भक्तिमय हो उठी।

शोभायात्रा अपराह्न में गुरुद्वारा गुरुबाग से जुगो-जुग अटल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की अगुवाई तथा पंज प्यारों की उपस्थिति में प्रारंभ हुई। शोभायात्रा लक्सा, गिरजाघर चौराहा, नई सड़क, चेतगंज, लहुराबीर, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर, गांधी नगर, सिगरा चौराहा और रथयात्रा होते हुए पुनः गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंचकर संपन्न हुई।

मार्ग में हथुआ मार्केट, मलदहिया (जय गंजेज के निकट), लाजपत नगर, नानक नगर, साजन तिराहा (भारत मेडिकल स्टोर), अशोक नगर तथा गांधी नगर-सिगरा सहित विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जगह-जगह प्रसाद वितरित किया।

शोभायात्रा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी वाली गाड़ी को फूल-मालाओं और आकर्षक विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया गया था। गुरु साहिब की पालकी, घुड़सवार पंज प्यारे, पैदल चल रहे पंज प्यारे, कीर्तन मंडलियां और स्थानीय बैंड पार्टी आकर्षण के प्रमुख केंद्र रहे। बैंड की मधुर धुनों और ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए। मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक शोभायात्रा के दर्शन के लिए जुटे रहे।

इस अवसर पर वाराणसी की समस्त संगत के साथ गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कॉलेज गुरुबाग, गुरुनानक इंग्लिश मीडियम स्कूल गुरुबाग तथा गुरुनानक इंग्लिश स्कूल शिवपुर के विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। गुरुनानक इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों के बैंड ने अपनी शानदार प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। वहीं, बच्चों ने गुरुजी के शबदों का गायन कर वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को सामाजिक सद्भाव और स्वच्छता का संदेश भी दिया।

स्कूली बच्चे हाथों में 'स्वच्छ काशी-सुंदर काशी' के बैनर लेकर चल रहे थे। शोभायात्रा की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए काशी की साध-संगत के सदस्य मार्ग की सफाई और धुलाई करते हुए आगे बढ़ रहे थे। शोभायात्रा में प्रकाश एवं ध्वनि की विशेष व्यवस्था की गई थी। सिख परिवारों की महिलाएं और अन्य श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ गुरुवाणी का कीर्तन करते हुए चल रहे थे।

शोभायात्रा के गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंचने पर पुष्पवर्षा और आरती के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद गुरुद्वारे में शबद गायन, कीर्तन और अरदास हुई। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

गुरुद्वारा गुरुबाग के मुख्य ग्रंथी भाई रंजीत सिंह जी ने आयोजन में सहयोग और सहभागिता के लिए समस्त काशीवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आगामी 23 नवंबर की सायंकाल तथा 24 नवंबर को प्रकाश पर्व के मुख्य अवसर पर दिनभर पंथ के रागी जत्थों द्वारा शबद गायन, कीर्तन और कथा के माध्यम से संगत को निहाल किया जाएगा। उन्होंने समस्त काशीवासियों एवं गुरु नानक देव जी के अनुयायियों से अपील की कि वे इन धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाश पर्व पर गुरुघर का आशीर्वाद एवं खुशियां प्राप्त करें।-------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777480 Articles

Share this story