कन्नौज: मोबाइल दुकान पर जीएसटी की छापा
कन्नौज, 10 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में कन्नौज जिले के छिबरामऊ कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया जब एक मोबाइल की दुकान पर जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने अचानक छापेमारी कर दी। यह कार्रवाई शुक्रवार दोपहर 12 बजे शुरू हुई और शाम छह बजे तक लगातार चलती रही।
जीएसटी विभाग की टीम ने दुकान पर पहुंचकर दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान खरीद-बिक्री से जुड़े बिल, स्टॉक रजिस्टर और टैक्स से संबंधित रिकॉर्ड को खंगाला गया। अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण कागजात अपने कब्जे में भी लिए हैं।
इस छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के मोबाइल दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। कई व्यापारियों ने अपनी दुकानों के शटर आंशिक रूप से बंद कर लिए, वहीं कुछ लोग अपनी बिलिंग और रिकॉर्ड को दुरुस्त करते नजर आए।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई टैक्स चोरी की आशंका को लेकर की गई है, हालांकि विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई है या नहीं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की अचानक कार्रवाई से पूरे बाजार में भय का माहौल बन गया है। फिलहाल सभी की नजर जीएसटी विभाग की अगली कार्रवाई और रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

