ग्रीन गुरु अनिल ने रोपा लिली का पाैधा

WhatsApp Channel Join Now
ग्रीन गुरु अनिल ने रोपा लिली का पाैधा


मीरजापुर, 08 अगस्त (हि.स.)। पौधरोपण को मिशन बनाकर पिछले 4056 दिनों से लगातार हर दिन पौधे लगाने का अभियान चला रहे ‘ग्रीन गुरु’ अनिल कुमार सिंह ने शनिवार को राजगढ़ क्षेत्र के शांति निकेतन इंटर कॉलेज पचोखरा में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा के विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने उन्हें गमले में लगा स्नेक प्लांट का पौधा भेंटकर स्वागत किया।

इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में छात्रों के साथ लिली का पौधा रोपा गया। पौधरोपण में अनिल जैसल ने भी सहयोग किया। ग्रीन गुरु ने बताया कि एक जुलाई 2015 से वह लगातार प्रतिदिन पौधरोपण कर रहे हैं। आठ अगस्त 2026 को अभियान का 4056वां दिन रहा।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर धरती को हरा-भरा और पर्यावरण को स्वच्छ बनाना है। साथ ही लोगों, खासकर युवाओं और विद्यार्थियों में पौधरोपण व पौधों के संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

ग्रीन गुरु अनिल कुमार सिंह को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गंगा सेवक सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। वह नमामि गंगे, जिला गंगा संरक्षण समिति और जिला पर्यावरण समिति के सदस्य भी हैं। इसके अलावा लोक भारती हरियाली अभियान, लखनऊ के विंध्याचल मंडल संयोजक और ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय हैं। विद्यालय में पौधरोपण के दौरान विद्यार्थियों में भी उत्साह रहा। ग्रीन गुरु ने छात्रों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story