वाराणसी में लोहता क्षेत्र में कब्रिस्तान में कब्र बनाने को लेकर दो पक्ष आमने सामने
वाराणसी, 08 अगस्त(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में लोहता थाना क्षेत्र में शनिवार को कब्रिस्तान में कब्र बनाने को लेकर मुस्लिम समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आने के बाद थाने पहुंचे। मुस्लिम समुदाय के एक पक्ष का यह कहना था कि उनके पुश्तैनी कब्रिस्तान में दूसरा पक्ष अपनी कब्र बना रहा है। जिसको लेकर विवाद हो गया और दूसरे पक्ष ने पहले पक्ष की शिकायत की है।
मुस्लिम समुदाय के पहले पक्ष के सलीम ने कहा कि कब्रिस्तान उनके दादा परदादा के समय की जमीन पर है। जहां उनके पक्ष के लोगों की कब्र बनती रही है। दूसरा पक्ष बेवजह विवाद कर रहा है। ऐसी स्थिति में वह लोग कोर्ट भी जा सकते हैं।
वहीं दूसरे पक्ष की तरफ से अली ने कहा कि कब्रिस्तान एक सार्वजनिक स्थान है। हम सभी सुन्नी है और हमें अपने कब्र गाड़ने का कब्रिस्तान में अधिकार है।
लोहता थाना में तैनात प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने उन्हें समझाते हुए कहा कि कब्रिस्तान में कब्र बनाने को लेकर विवाद करना उचित नहीं है। कब्रिस्तान सभी का होता है। इस मामले में दोनों पक्ष को एक साथ बैठकर समझना चाहिए। अन्यथा पुलिस कार्यवाही करने पर बाध्य हो जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

