हनुमान जन्मोत्सव पर आयाेजित जागरण में भजनों पर रातभर झूमे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
हनुमान जन्मोत्सव पर आयाेजित जागरण में भजनों पर रातभर झूमे श्रद्धालु


मीरजापुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर चुनार क्षेत्र के रुदौली गांव स्थित साधो-माधो पुलिया के पास प्राचीन हनुमान मंदिर पर गुरुवार रात भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान हनुमान जी का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसके बाद सुंदरकांड पाठ संपन्न हुआ और फिर भव्य जागरण का आयोजन हुआ।

जागरण में वाराणसी से आए प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज यादव व गायिका पिंकी मिश्रा ने अपने सुरों से समां बांध दिया। हंसराज यादव ने “श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में”, “दुनिया चले ना श्रीराम के बिना” और “रामजी मिले ना हनुमान के बिना” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं पिंकी मिश्रा ने “नाही खाइब मेवा मिश्री, नाही रबड़ी मलाई” प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए और रातभर भजनों पर झूमते रहे। मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल बना रहा। इस अवसर पर आयोजक पारसनाथ यादव, आशा यादव, कैलाश विश्वकर्मा, अमरु यादव (विधायक), रामचंद्र यादव, पंकज यादव सहित बड़ी संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story