चुनार में निकली श्रीराम की भव्य बारात, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा नगर
- चारों भाइयों के दूल्हा स्वरूप ने मोहा मन, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर नगरवासियों ने किया स्वागत
मीरजापुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में चुनार में श्री राघवेंद्र रामलीला नाट्य समिति के तत्वावधान में चल रही 21 दिवसीय ऐतिहासिक रामलीला के क्रम में रात भगवान श्रीराम की भव्य बारात धूमधाम से निकाली गई। बैंड-बाजे, भक्ति गीतों और जय श्रीराम के जयघोष के बीच निकली बारात में नगर के व्यापारी, युवा और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे नगर में उत्सव का माहौल रहा और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया गया।
राम बारात का शुभारंभ रामलीला मैदान से हुआ। सजे-धजे घोड़ों पर दूल्हे के स्वरूप में विराजमान भगवान श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न आकर्षण का केंद्र रहे। चारों भाइयों को चमेली और बेला के फूलों से सजाया गया था। बारात में सबसे आगे सुसज्जित गजराज चल रहे थे। उनके पीछे बैंड-बाजे की धुन पर थिरकते युवा और समिति के पदाधिकारी व सदस्य चल रहे थे।
रामलीला मैदान से निकली बारात मुख्य बाजार, चौक और सर्राफा बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः रामलीला मंच पर पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया और भगवान श्रीराम की आरती उतारी। श्रद्धा और उल्लास के बीच गूंजते जय श्रीराम के नारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक बचाऊ लाल सेठ, अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडेय, उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, महामंत्री संजय साहू, पवन जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष चंद्रहास गुप्ता, युवा व्यवसायी सौरभ पुजारी, रमाशंकर पांडेय, बृजनंदन कुशवाहा, गोबिंद जायसवाल, फूलचंद, श्याम सुंदर शाह, लक्ष्मी गुप्ता, प्रदीप रस्तोगी, ब्रह्मानंद कुशवाहा, करतार सिंह और मनीष राय सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य व बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। रामबारात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंस्पेक्टर अपराध सत्येंद्र कुमार यादव, कस्बा चौकी प्रभारी अखिलेश यादव और उपनिरीक्षक रमेश पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

