आईसीएआर के 98वें स्थापना दिवस पर आईआईवीआर में भव्य आयोजन, छह कंपनियों से 12 एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
आईसीएआर के 98वें स्थापना दिवस पर आईआईवीआर में भव्य आयोजन, छह कंपनियों से 12 एमओयू


मीरजापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के 98वें स्थापना दिवस पर अदलपुरा स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) में गुरुवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कार्यवाहक निदेशक डॉ. अनंत बहादुर के नेतृत्व में संस्थान परिसर में 200 से अधिक पौधों के रोपण से हुई। इसके बाद नई दिल्ली स्थित एनएएएस परिसर में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने देखा।

मुख्य समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में आईआईवीआर ने अपनी उन्नत सब्जी किस्मों और संकर बीजों के व्यावसायीकरण के लिए छह निजी बीज कंपनियों के साथ कुल 12 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों के माध्यम से 'काशी' श्रृंखला की मिर्च, टमाटर, मटर, भिंडी, लोबिया, मूली तथा अन्य उन्नत किस्मों के गुणवत्तापूर्ण बीज बड़े स्तर पर किसानों तक पहुंचाए जाएंगे।

संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि इन अनुबंधों से किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध होंगे, जिससे सब्जी उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि होगी। इस अवसर पर सचिव (डेयर) एवं आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट ने परिषद की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में किसान प्रशिक्षण एवं कृषि निवेश वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह और डॉ. सुदर्शन मौर्य के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में 75 से अधिक किसानों को सब्जी बीज पैकेट, जैविक एवं सूक्ष्मजीवीय कृषि निवेश वितरित किए गए। संस्थान परिवार ने किसान हित और कृषि विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story