आपदा पीड़ितों के घर पहुंचे जिलों के प्रभारी मंत्री, संवेदना के साथ सौंपी सहायता राशि

WhatsApp Channel Join Now
आपदा पीड़ितों के घर पहुंचे जिलों के प्रभारी मंत्री, संवेदना के साथ सौंपी सहायता राशि


-प्रभारी मंत्रियों ने पीड़ितों को योगी सरकार के उनके साथ खड़े होने का भरोसा दिलाया

लखनऊ, 15 मई (हि.स.)। बीते दिनों आई तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली से हुई धन-जनहानि के पीड़ितों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुक्रवार को मुआवजा बांटा गया। विभिन्न जिलों में प्रभारी मंत्रियों ने पीड़ितों को धनराशि का चेक सौंपा और सरकार के उनके साथ खड़े होने का भरोसा दिलाया। प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये के अलावा राहत सामग्री के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया गया।

मंत्री नितिन अग्रवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया, सौंपा चेक

लखीमपुर खीरी जिला में मितौली तहसील के ग्राम जमुनिया कढ़ीले में 13 मई की रात आई तेज आंधी और बारिश ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। मकान की छत भरभराकर गिरी और उसके नीचे दबकर 40 वर्षीय रतिराम पुत्र दीना की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर गांव पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। गांव पहुंचे प्रभारी मंत्री ने पूर्व सांसद जुगुल किशोर और डीएम अंजनी कुमार सिंह की मौजूदगी में मृतक की पत्नी और बच्चों को चार लाख रुपये की दैवीय आपदा सहायता, 6500 रुपये गृह अनुदान का डेमो चेक सौंपा। साथ ही खाद्यान्न किट देकर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि परिवार को दैवीय आपदा मद से चार लाख रुपये, गृह अनुदान, कृषक दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, पारिवारिक लाभ योजना, निराश्रित महिला पेंशन सहित सीएम बाल सेवा योजना के अंतर्गत दोनों बच्चों का नामांकन कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से कृषि पट्टा भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मंत्री असीम अरुण ने संवेदना प्रकट कर खाते में सहायता राशि भेजने की दी सूचना

हरदोई में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद हरदोई के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने तहसील संडीला के ग्राम आंट मजरा आंट सांट में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पीड़ित परिवार से भेंट कर गहरी संवेदना प्रकट की।

प्रभारी मंत्री ने विगत 13 मई को आकाशीय विद्युत की चपेट में आने से मृतक कु० अंकिता के परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार दैवीय आपदा के समय अत्यंत संवेदनशीलता के साथ त्वरित सहायता हेतु संकल्पित है। उन्होंने मौके पर उपस्थित मृतका की माता कमला पत्नी श्री छोटे को बताया कि उनके खाते में राहत सहायता राशि चार लाख रुपये भेज दी गई है। इस अवसर पर सांसद अशोक रावत व विधायक राम पाल वर्मा ने भी शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने परिजनों से भेंट कर संवेदनाएं व्यक्त कीं, दी सहायता राशि

अम्बेडकरनगर जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने ग्राम कुढ़ा मोहम्मदगढ़ में आंधी-तूफान के कारण दीवार गिरने से सुकना देवी जी के असामयिक निधन पर उनके परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उन्होंने बताया कि इस कठिन समय में परिवार को संबल प्रदान करने हेतु प्रदेश सरकार की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता चार लाख रुपये की राशि प्रदान कर दी गई । कहा कि सरकार हर परिस्थिति में प्रदेशवासियों के दुःख-दर्द में सहभागी बनकर उनके साथ खड़ी है।

सम्भल जिले में तेज आंधी-तूफान एवं वर्षा से उत्पन्न दैवीय आपदा के कारण थाना कैलादेवी के अन्तर्गत ग्राम गंगहेटा में विद्युत पोल तथा घर की दीवार गिरने से नेमवती पुत्री राजपाल सिंह तथा भगवान सिंह पुत्र वीरे के चपेट में आने से मृत्यु हो गयी थी। प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति ने गांव जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए 4-4 लाख रुपये धनराशि खाते में पहुंचने के प्रमाणपत्र तथा आपदा राहत सामग्री प्रदान की। उनके साथ जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल तथा पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई भी थे।

मंत्री गुलाब देवी ने मृतक के परिजनों को 4-4 लाख के चेक सौंपे

बदायूं के बिसौली क्षेत्र में आंधी-तूफान पीड़ित परिवारों को प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख के चेक सौंपे। बीरमपुर गांव पहुंचकर मंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई। फतेहपुर बीरमपुर, तर्कपरोली और भोपतपुर के पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री दी गई। प्रभारी मंत्री बोलीं- दुख की घड़ी में सरकार हर परिवार के साथ खड़ी है।

मंत्री जे0पी0एस0 राठौर ने वितरित किया मुआवजा, खाते में भेजे गए रुपये

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग/प्रभारी मंत्री जे0पी0एस0 राठौर की अध्यक्षता में आज बरेली में आपदा राहत राशि का वितरण कार्यक्रम आंवला तहसील के सभागार में हुआ।

राज्यमंत्री द्वारा जनहानि होने पर देवकी पुत्री राजेश कुमार उम्र 12 वर्ष ग्राम हर्रामपुर तथा लीपी पत्नी उमेदी उम्र 06 वर्ष ग्राम बेहटा जूनो के परिवारीजनों के खातों में चार-चार लाख रूपये की सहायता राशि दी गयी। इसके अतिरिक्त दैवीय आपदा के अन्तर्गत मकान क्षति के 30 पीड़ितों को कुल एक लाख 62 हजार की सहायता राशि के रूप में वितरित की गयी तथा पशु हानि के 09 पीड़ितों को भी सहायता राशि के रूप में वितरित की गयी। ग्राम डरूआपुर में जिन कृषकों की अग्निकांड में गेहूँ की फसल नष्ट हुई थी, उन्हें मुख्यमंत्री खेत खलिहान व दुर्घटना सहायता योजना के अन्तर्गत 10 किसानों को कुल दो लाख 29 हजार 973 रुपये की सहायता राशि वितरित की गयी।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत फूलवती पत्नी छोटेलाल ग्राम मनौना तहसील आंवला, उर्मिला देवी ग्राम बल्लिया, नवीता पत्नी लालन सिंह ग्राम लीलौर सहासा, कन्यावती पत्नी रक्षपाल ग्राम सराऊ, चांदनी पत्नी धर्मेन्द्र ग्राम लभारी मजरा गुरगांवा, महिपाल पुत्र कृष्णपाल नि०ग्राम मई कीरतपुर, वरफा देवी पत्नी हरपाल नि०ग्राम सराऊ को 5-5 लाख रूपये तथा (दिव्यांग) पवन कुमार पुत्र बिजनेश पाल सिंह नि०ग्राम नगरिया सतन को 250000 की सहायता राशि का वितरण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Share this story