श्रमिकों का हित और अधिकार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : असीम अरुण

WhatsApp Channel Join Now
श्रमिकों का हित और अधिकार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : असीम अरुण


कन्नौज, 02 मई (हि. स.)। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में गुरसहायगंज नगर पालिका परिषद में 'स्वच्छता सैनिक सम्मेलन' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए उनके अधिकारों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

मंत्री असीम अरुण ने कहा कि सोमवार को कन्नौज में नगर पालिका, परिषद, जिला पंचायत आदि के अध्यक्ष/ईओ के साथ बैठक की जाएगी। उसमें कामगारों के हितों के लिए बनाए गए कानूनों जैसे पेड साप्ताहिक अवकाश, मेडिकल लीव, कार्य के समय का निर्धारण, वेतन सुरक्षा और डिजिटल पारदर्शिता आदि का अक्षरशः पालन कराए जाने का निर्देश दिया जाएगा। ताकि कामगारों के हितों को पूरी तरह सुरक्षित किया जा सके।

उन्हाेंने कामगारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में उनके सभी अधिकार पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने कामगारों के हितों की रक्षा के लिए अब और भी सख्त नियम बनाया है, ताकि किसी भी स्तर पर उनका शोषण न हो सके। श्रमिक राष्ट्र के निर्माता हैं। संविदा, अंशकालिक मजदूर, आउट सोर्सिंग आदि श्रमिकों को साप्ताहिक अवकाश, आकस्मिक अवकाश, मेडिकल अवकाश, वेतन पर्ची मिलना जैसे कानूनों को पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाएगा। इस मौके पर विधायक छिबरामऊ अर्चना पांडे, चेयरमैन प्रतिनिधि मयंक गुप्ता सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

Share this story