पूर्ववर्ती सरकारों में उपेक्षित रही जैन विरासत को योगी सरकार में मिला सम्मान, एत्मादपुर के त्रिमूर्ति जैन मंदिर का हुआ विकास

WhatsApp Channel Join Now
पूर्ववर्ती सरकारों में उपेक्षित रही जैन विरासत को योगी सरकार में मिला सम्मान, एत्मादपुर के त्रिमूर्ति जैन मंदिर का हुआ विकास


-हर अल्पसंख्यक समुदाय की आस्था का सम्मान योगी सरकार की प्राथमिकता : जयवीर सिंह

-जैन सर्किट के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों को धार्मिक पर्यटन से जोड़ने की पहल

लखनऊ, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासतों के संरक्षण के साथ जैन तीर्थस्थलों के विकास को भी गति दी जा रही है। इसी क्रम में आगरा के एत्मादपुर स्थित ऐतिहासिक श्री आदिनाथ भरत बाहुबली त्रिमूर्ति जैन मंदिर में 1.05 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य पूरे कराए गए हैं। पर्यटन विभाग की ओर से कराए गए इन कार्यों में बहुउद्देशीय भवन का निर्माण, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार, सूचना पट्टों की स्थापना और मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण शामिल है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक अल्पसंख्यक समुदाय की आस्था, परंपरा और धार्मिक विरासत को समान आदर और सम्मान दे रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले एक समुदाय विशेष की भावनाओं को प्राथमिकता दी गई, जबकि जैन समाज सहित अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की धार्मिक विरासत अपेक्षित उपेक्षा का शिकार रही। वर्तमान सरकार सभी समुदायों को समान महत्व देकर उनके धार्मिक स्थलों का विकास करा रही है।

मंदिर में निर्मित बहुउद्देशीय भवन से धार्मिक, सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए स्थान उपलब्ध होगा। वहीं, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। सूचना पट्टों के माध्यम से मंदिर के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। परिसर में हरियाली और सौंदर्यीकरण के कार्य भी कराए गए हैं।

12 पर्यटन परिपथों में शामिल है जैन परिपथ

दरअसल, उत्तर प्रदेश की जैन विरासत को पर्यटन से जोड़ने के लिए जैन सर्किट विकसित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 के तहत चिह्नित 12 पर्यटन सर्किट में जैन सर्किट भी शामिल है। इसके अंतर्गत देवगढ़, हस्तिनापुर, वहेलना, कम्पिल और वाराणसी, फिरोजाबाद व हाथरस के जैन धार्मिक स्थलों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश में जैन धर्म से जुड़े ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को बेहतर पर्यटन सुविधाओं से जोड़ना है।

एत्मादपुर स्थित यह मंदिर भगवान ऋषभदेव यानी आदिनाथ और उनके पुत्रों भरत एवं बाहुबली से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के कारण जैन समाज में विशेष महत्व रखता है। मंदिर का विकास न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को भी मजबूती देगा।

जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार जैन मंदिरों को आध्यात्मिक पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करने और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story