उप्र राज्यपाल ने चैत्र नवरात्र और हिन्दू नववर्ष पर प्रदेशवासियों को बधाई दी
लखनऊ, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हिन्दू नववर्ष और चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
अपने बधाई संदेश में राज्यपाल ने कहा कि नवरात्र के नौ दिवस आत्मशुद्धि, संयम और नवचेतना के प्रतीक हैं। यह पर्व हमें अधर्म पर धर्म, अज्ञान पर ज्ञान तथा असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि समस्त प्रदेश एवं देशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो तथा हमारा राष्ट्र निरंतर प्रगति, सद्भाव और उन्नति के पथ पर अग्रसर रहे।
उन्होंने कहा कि नव संवत्सर हर हृदय में नव उमंग, नव विश्वास और नव संकल्प का प्रकाश फैलाए। यह नववर्ष हमारी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर की जड़ों को और सुदृढ़ करते हुए हमें एकता, सद्भाव और प्रगति के पथ पर अग्रसर करें। हम सब मिलकर इस नववर्ष को नए सपनों, सकारात्मक ऊर्जा और लोककल्याण के संकल्पों के साथ अभिनंदित करें, ताकि हमारा समाज और राष्ट्र निरंतर प्रगति के उज्ज्वल पथ पर अग्रसर रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

