सच बोलने वालों को जेल, भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही सरकार: धर्मेंद्र यादव

WhatsApp Channel Join Now
सच बोलने वालों को जेल, भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही सरकार: धर्मेंद्र यादव


- मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद सपा सांसद ने पेपर लीक और राम मंदिर चंदे को लेकर सरकार पर साधा निशाना

मीरजापुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने शनिवार को शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद एक प्रतिष्ठान में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि सरकार में सच बोलने और गलत का विरोध करने वालों को जेल में डाला जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया।

सपा सांसद ने राम मंदिर के चंदे और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने राम मंदिर चंदे के मामले में दस दिन में दूध का दूध और पानी का पानी करने की बात कही थी, लेकिन चार महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक इसका जवाब क्यों नहीं दिया गया।

धर्मेंद्र यादव ने पेपर लीक मामलों में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने कहा कि मंदिरों का इस्तेमाल चंदा जुटाने और लूट के लिए किया जा रहा है। उनके मुताबिक, जनता लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव में सरकार को जवाब देगी।

पत्रकारों से बातचीत से पहले सपा सांसद ने विधिवत मां विंध्यवासिनी के चरणों में पूजन किया। दर्शन-पूजन उनके तीर्थ पुरोहित एवं सपा के वरिष्ठ नेता विजय बाबू मिश्र ने कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story