सपा का 40 हजार का वादा मुंगेरी लाल के हसीन सपने, 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार : केशव मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
सपा का 40 हजार का वादा मुंगेरी लाल के हसीन सपने, 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार : केशव मौर्य


- मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन के बाद उप मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर बोला हमला

- मां विंध्यवासिनी, मां काली, मां अष्टभुजा का दर्शन कर त्रिकोण परिक्रमा की

मीरजापुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को विश्वविख्यात मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा द्वारा महिलाओं को 40 हजार रुपये देने के दावे को मुंगेरी लाल के हसीन सपने करार देते हुए कहा कि अब प्रदेश की महिलाएं जागरूक हैं और झूठे वादों में आने वाली नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा तीसरी बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी, जबकि चुनाव के बाद सपा सैफई तक सिमटकर रह जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें 2014 से ही मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद मिलता रहा है और इसी कृपा से भाजपा लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी मां का आशीर्वाद भाजपा के साथ रहेगा। उन्होंने प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए मां विंध्यवासिनी से प्रार्थना की। नवरात्र के पावन अवसर पर धाम पहुंचे उप मुख्यमंत्री का पुरानी वीआईपी मार्ग पर प्रशासनिक अधिकारियों और तीर्थ पुरोहितों ने अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। वहां से वे गणेश द्वार होते हुए मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचे और विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा परिसर जय मां विंध्यवासिनी के जयकारों से गूंजता रहा।

भाजपा का 'ज्ञान' पर फोकस

मीडिया से बातचीत में केशव मौर्य ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति केवल वादों तक सीमित नहीं, बल्कि जनहितकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने की है।

गैस सिलेंडर में किसी प्रकार की कटौती नहीं, अफवाह पर न दें ध्यान

रसोई गैस को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी उप मुख्यमंत्री ने स्थिति साफ करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रामाणिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्रा, नितिन विश्वकर्मा आदि मौजूद थे। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक रितेश सिंह, सीओ लालगंज अमर बहादुर, धाम चौकी प्रभारी अजय कुमार मिश्रा, मंदिर सुरक्षा प्रभारी उदय प्रताप सुरक्षा में लगे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story