आयुष्मान योजना में हेरफेर करने वाले अस्पतालों पर गिरेगी गाज

WhatsApp Channel Join Now
आयुष्मान योजना में हेरफेर करने वाले अस्पतालों पर गिरेगी गाज


लखनऊ, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही, फर्जीवाड़े और अनियमितता को रोकने के लिए सख्त रुख अपनाया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर निजी पैथोलॉजी लैब और कुछ चिकित्सकों की कथित साठगांठ से जांच रिपोर्टों में हेरफेर करने तथा मरीजों को अनावश्यक जांचों के लिए भेजने की शिकायतों पर शिकंजा कस दिया गया है। योगी सरकार ने आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध सभी अस्पतालों के लिए पैथोलॉजी जांच की गुणवत्ता, पारदर्शिता और प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य कर दिया है। अब किसी भी जांच रिपोर्ट को योग्य और रजिस्टर्ड पैथोलॉजिस्ट के सत्यापन और हस्ताक्षर के बिना मान्य नहीं किया जाएगा। वहीं, मशीन से तैयार जांच रिपोर्ट में मैनुअल बदलाव करने और फर्जी रिपोर्ट अपलोड करने वाले अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर अनियमितता मिलने पर अस्पताल की आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्धता भी समाप्त की जा सकती है।

अब बिना योग्य पैथोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर नहीं चलेगी रिपोर्ट

साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि योगी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और मरीजों के हितों के अनुरूप बनाने पर जोर दे रही है। इसी के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक की ओर से 10 नवंबर को जारी दिशा-निर्देशों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के सभी सूचीबद्ध अस्पतालों के लिए लागू किया गया है। साचीज ने इस संबंध में आयुष्मान योजना से जुड़े सभी अस्पतालों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं। इसका मकसद जांच के नाम पर होने वाले संभावित फर्जीवाड़े, गलत रिपोर्टिंग और मरीजों पर अनावश्यक आर्थिक एवं चिकित्सकीय बोझ को रोकना है।

नए निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक पैथोलॉजी जांच रिपोर्ट का सत्यापन केवल अर्ह और रजिस्टर्ड पैथोलॉजिस्ट ही करेंगे। इसके लिए संबंधित विशेषज्ञ के पास एमडी, डीएनबी या डीसीपी पैथोलॉजी अथवा संबंधित विषय में मान्य योग्यता होना जरूरी है। रिपोर्ट पर पैथोलॉजिस्ट का नाम, शैक्षणिक योग्यता और पंजीकरण संख्या दर्ज करना भी अनिवार्य होगा। इससे जांच रिपोर्ट की जिम्मेदारी तय होगी और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में संबंधित विशेषज्ञ की पहचान की जा सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784572 Articles

Share this story