विश्वविद्यालय में पहुंच रहे नशे को लेकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल चिंतित, युवाओं से नशामुक्ति और चरित्र निर्माण का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
विश्वविद्यालय में पहुंच रहे नशे को लेकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल चिंतित, युवाओं से नशामुक्ति और चरित्र निर्माण का किया आह्वान


मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुई राज्यपाल ने 199 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए

लखनऊ, 22 जुलाई (हि.स.)। मैंने लगभग 15 विश्वविद्यालयों के हॉस्टल देखे हैं। वहां बाहर शराब की बोतलें पड़ी मिलीं। हॉस्टलों में बाहर से जो खाना आता है, उसके जरिए ड्रग्स भी पहुंच रहा है। मैंने हॉस्टल प्रबंधन और कुलपतियों को इसकी तस्वीरें तक दिखाई हैं। यह बेहद संवेदनशील और संजीदा दावा उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया है। वे बुधवार को मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंचीं थीं।

समारोह में अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हम तो चार पीढ़ियों से चाय तक नहीं पीते हैं और आप ड्रग्स के आदी हो गए हैं। इसे छोड़ें। नशे ने कभी भी किसी समस्या का समाधान नहीं किया है और न हो सकता है,बल्कि यह व्यक्ति के सपनों, प्रतिभा, स्वास्थ्य और उनके परिवार की उम्मीदों को धीरे-धीरे खत्म कर देता है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति और चरित्र निर्माण का आह्वान किया।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि आज के कई युवाओं में भटकाव है। उन्हें पता ही नहीं है कि भविष्य के लिए क्या करना है। कुछ युवा एक झंडा लेकर निकल पड़ते हैं, तो उनके पीछे और लोग भी पीछे चल पड़ते हैं। उन्होंने युवाओं के लिए सख्त लहजे में कहा कि इसलिए यह समझना जरूरी है कि हम जो कर रहे हैं, वह देशहित में है या नहीं। उन्होंने बच्चों को महापुरुषों और उनके संघर्षों के बारे में जरूर बताए जाने की बात कही, जिनके नाम पर विश्वविद्यालय का नाम रखा गया है।

संबोधन से पूर्व उन्होंने विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 199 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए।इसे लेकर उन्होंने कहा कि आज यहां 75 प्रतिशत बेटियों और 25 प्रतिशत छात्रों को मेडल मिले हैं। जरा सोचिए, हम बेटों के पीछे भागते हैं। तीन बेटियां होने पर कई परिवारों में हाहाकार मच जाता है, जबकि बेटियां बेहद होनहार हैं। उन पर भरोसा कीजिए। वे परिवार का नाम रोशन करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story