गोवर्धन में देवोत्थान एकादशी पर आस्था का सैलाब, 10 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई गिरिराज परिक्रमा

WhatsApp Channel Join Now
गोवर्धन में देवोत्थान एकादशी पर आस्था का सैलाब, 10 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई गिरिराज परिक्रमा


मथुरा, 20 नवंबर (हि.स.)। देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को गोवर्धन की पावन धरा पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्रज के विरक्त संत पद्मश्री रमेश बाबा के चित्रपट के सानिध्य में चल रही श्री राधारानी ब्रज यात्रा के पूंछरी पड़ाव के दूसरे दिन करीब दस हजार श्रद्धालुओं ने एक साथ गिरिराजजी की सात कोस की परिक्रमा लगाई।

हाथों में राधारानी का ध्वज थामे और राधे-राधे व गिरिराज धरण हम तेरी शरण के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु सुबह से ही परिक्रमा मार्ग पर उमड़ पड़े। भक्तों के उत्साह से पूरा परिक्रमा मार्ग भक्तिमय हो गया। परिक्रमा के दौरान नृसिंह बाबा ने पारंपरिक ब्रजवासी रसिया का गायन कर यात्रा की आध्यात्मिक महिमा का बखान किया। श्री राधारानी ब्रज यात्रा की शोभा लगे प्यारी, याकी कीरत जग में न्यारी के मधुर स्वर सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूंछरी का लौठा, नवल कुंड, अप्सरा कुंड, ऐरावत कुंड, सुरभि कुंड, जतीपुरा मुखारविंद, श्रीनाथजी मंदिर, आन्यौर, चक्रेश्वर महादेव, उद्धव कुंड, राधाकुंड-श्यामकुंड, कुसुम सरोवर, मानसी गंगा, हरदेव मंदिर और दानघाटी सहित अनेक प्रमुख लीला स्थलों के दर्शन किए। पूरे मार्ग में जगह-जगह, विशेषकर सौंख अड्डा और आन्यौर में स्थानीय लोगों व भक्तों द्वारा श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर और आरती उतारकर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780662 Articles

Share this story