यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने सड़क पर उतरे पुलिस अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने सड़क पर उतरे पुलिस अधिकारी


यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने सड़क पर उतरे पुलिस अधिकारी


गोरखपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने नगर क्षेत्र में निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक (नगर) निमिष पाटील, सहायक पुलिस अधीक्षक (क्षेत्राधिकारी) कैण्ट अरुण कुमार एस एवं क्षेत्राधिकारी यातायात कीर्ति निधि आनंद ने विभिन्न प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को यातायात संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क पर वाहनों की आवाजाही, यातायात के दबाव तथा प्रमुख स्थानों पर यातायात संचालन की स्थिति को देखा। इस दौरान यातायात व्यवस्था में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने नगर क्षेत्र में पैदल गश्त भी की। पैदल गश्त के दौरान प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहनों को खड़ा किए जाने, यातायात में अवरोध पैदा करने वाली गतिविधियों तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि यातायात संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए और यातायात को व्यवस्थित तरीके से संचालित कराया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story