कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी में संपन्न हुईं दो बड़ी परीक्षाएं, 43 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी में संपन्न हुईं दो बड़ी परीक्षाएं, 43 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल


गोरखपुर, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में रविवार को आयोजित सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा और बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा सकुशल, शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हो गईं। दोनों परीक्षाओं में कुल 43,049 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिला

नोडल अधिकारी एवं एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।

सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा जिले के 23 केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक एक पाली में आयोजित हुई, जिसमें 10,519 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 67 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 9:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपन्न हुई, जिसमें 32,530 अभ्यर्थी शामिल हुए।

सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, ऑब्जर्वर और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी।

एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने परीक्षा संपन्न होने के बाद बताया कि एक ही दिन दो बड़ी परीक्षाओं का सफल आयोजन प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से इसे सुचारू रूप से पूरा किया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस बल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी जिम्मेदारी और सतर्कता के चलते परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story