गोरखपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित


गोरखपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित


गोरखपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित


गोरखपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया।

कार्यक्रम का आयोजन भाजयुमो गोरखपुर के महानगर मंत्री एवं शिविर संयोजक अभिषेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। रक्तदाताओं ने कहा कि उनके द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने रक्तदान को समाजसेवा का महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

शिविर में महानगर जिला मंत्री सूरज गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राप्तीनगर प्रशांत विश्वकर्मा, राहुल गुप्ता, आकाश दुबे, प्रशांत गुप्ता, प्रशांत उपाध्याय, साहिल श्रीवास्तव, अतुल भारती, दीपक मौर्य, अंकित पांडेय, विद्यासागर चौरसिया, तेज प्रताप कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आयोजकों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना की भावना को मजबूत करना है। रक्तदान शिविर के माध्यम से युवाओं ने 'सेवा ही संगठन, मानवता ही हमारा धर्म' के संदेश को सार्थक किया। कार्यक्रम में रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए मानव सेवा के ऐसे कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story