गोरखपुर में राप्ती नदी में नहाने गये तीन युवक डूबे, सर्च ऑपरेशन जारी

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर में राप्ती नदी में नहाने गये तीन युवक डूबे, सर्च ऑपरेशन जारी


गोरखपुर में राप्ती नदी में नहाने गये तीन युवक डूबे, सर्च ऑपरेशन जारी


गोरखपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बंजरहा गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए राप्ती नदी में नहाने गए तीन युवक देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए। गोताखोरों की मदद से युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

डूबने वाले युवकों की पहचान शिव साहनी (20 वर्ष), बंटी यादव (20 वर्ष) और शुभम यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आपस में परिचित थे और पास के गांवों के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वे अक्सर इसी क्षेत्र में आते-जाते थे, लेकिन नदी के इस हिस्से की गहराई से अनजान थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, हालांकि तेज धारा और अधिक गहराई के कारण राहत कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं।

मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हर गुजरते पल के साथ चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और हर संभव संसाधन का इस्तेमाल किया जाए।

यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि नदियों में नहाते समय जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन लगातार लोगों से अपील करता रहा है कि वे अनजान और गहरे पानी वाले स्थानों से दूर रहें, लेकिन इसके बावजूद ऐसे हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और हर किसी की नजर सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई है। सभी को उम्मीद है कि जल्द ही कोई स्पष्ट खबर सामने आएगी ।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story