गोरखपुर पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को दबोचा, लूटी गई रकम बरामद
गोरखपुर, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैम्पियरगंज पुलिस ने तीन शातिर अपराधियाें को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूट के 13 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कैम्पियरगंज, एसओजी, स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 211/2026 से संबंधित अभियुक्त रविन्द्र निषाद, मुन्ना लाल मौर्य एवं गिरजेश यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बीते 25 अप्रैल 2026 को वादी मेहदावल से पीपीगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया और मारपीट करते हुए उसके पास से 77 हजार रुपये नगद तथा मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना कैम्पियरगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 13 हजार रुपये नगद, लूटा गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र ने पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त आपस में जुआ खेलने के दौरान एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। इसी दौरान उन्हें वादी के पास बड़ी रकम होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने आपसी मुखबिरी के आधार पर लूट की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराओं का संशोधन करते हुए धारा 310(2), 3(5) एवं 317(2) बीएनएस के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

