गोरखपुर : 4460 दुर्गा प्रतिमाएं होंगी स्थापित, जिलाधिकारी ने बैठक कर बताए प्रतिमा की स्थापना व विसर्जन के कानून

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर : 4460 दुर्गा प्रतिमाएं होंगी स्थापित, जिलाधिकारी ने बैठक कर बताए प्रतिमा की स्थापना व विसर्जन के कानून


गोरखपुर : 4460 दुर्गा प्रतिमाएं होंगी स्थापित, जिलाधिकारी ने बैठक कर बताए प्रतिमा की स्थापना व विसर्जन के कानून


गोरखपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर में इस बार शारदीय नवरात्रि और दुर्गापूजा को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। जिले में कुल 4460 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। शहर में 1465, दक्षिणी क्षेत्र में 1283 और उत्तरी क्षेत्र में 1712 प्रतिमाएं स्थापित होंगी। बड़ी संख्या में पूजा पंडाल, रामलीला और धार्मिक आयोजन होने के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात, बिजली, साफ-सफाई और विसर्जन व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। प्रशासन ने विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब भी तैयार कराए हैं और पूजा समितियों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार इन्हीं स्थानों पर प्रतिमाओं का विसर्जन कराने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को पुलिस लाइन में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ की अध्यक्षता में पीस कमेटी, रामलीला समितियों, डीजे संचालकों, पूजा समितियों, पंडाल आयोजकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में पर्व के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं पर सीधे संवाद किया गया और अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

जिले में स्थापित होने वाली 4460 प्रतिमाओं में नगर क्षेत्र के कोतवाली सर्किल में 331, कैंट में 612 और गोरखनाथ में 521 प्रतिमाएं स्थापित होंगी। उत्तरी क्षेत्र के कैंपियरगंज सर्किल में 499, गीडा में 392 और चौरीचौरा में 821 प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। दक्षिणी क्षेत्र के बांसगांव में 459, गोला में 431 और खजनी सर्किल में 393 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होंगी। इतनी बड़ी संख्या में प्रतिमाओं की स्थापना और विसर्जन को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्रवार तैयारियों पर विशेष जोर दिया है।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि नवरात्रि और दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। प्रशासन द्वारा जुलूस और विसर्जन के लिए निर्धारित रूट और समय का सभी पूजा समितियों को पालन करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सड़क, बिजली, साफ-सफाई, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी कमियों को पर्व शुरू होने से पहले ही दूर करा लिया जाए।

बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी उत्तरी राजेश गुनावत, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story