औद्योगिक प्रगति की गति बढ़ाएगा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
औद्योगिक प्रगति की गति बढ़ाएगा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे : जिलाधिकारी


गोरखपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। पूर्वांचल में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने की दिशा में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे केवल तेज रफ्तार और सुगम यातायात का जरिया नहीं, बल्कि अब औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का भी बड़ा माध्यम बनने जा रहा है। योगी सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत इस एक्सप्रेसवे के किनारे एक अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर स्थापित करने की तैयारी तेज हो गई है, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के आर्थिक परिदृश्य को नई दिशा मिलेगी।

उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर परियोजना के पहले चरण में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर गोरखपुर जिले की सीमा के भीतर लगभग 153 एकड़ क्षेत्रफल में औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यह क्लस्टर टेक्सटाइल, एग्रो एंड फूड प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और पैकेजिंग से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों के साथ ही लॉजिस्टिक्स सेवाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर गोरखपुर जनपद में खजनी तहसील क्षेत्र के दो गांवों बहादुरपुर खुर्द और बहादुरपुर बुजुर्ग में 153 एकड़ भूमि का आवंटन औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स इकाइयों को किया जाएगा।

स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे उद्योगों की स्थापना से पूर्वांचल के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलेंगे। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों परिवारों के लिए आजीविका के नए द्वार खुलेंगे। इसके अलावा, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग हब बनने से स्थानीय व्यापारियों और किसानों को भी अपने उत्पादों को देश के बड़े बाजारों तक जल्दी और कम लागत में पहुंचाने में मदद मिलेगी।

कनेक्टिविटी से और बढ़ा निवेशकों का भरोसा

योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद विगत साढ़े नौ साल से मजबूत हुई कानून व्यवस्था और इन्वेस्टर्स फ्रेंडली नीतियों से गोरखपुर निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बन गया है। सुदृढ़ हुई रोड कनेक्टिविटी ने निवेशकों का भरोसा और बढ़ाया है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के जरिये इस क्षेत्र का पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से सीधा जुड़ाव स्थापित हो चुका है। बेहतर ट्रांसपोर्टेशन और कम समय में माल ढुलाई की सुविधा मिलने से देश भर के बड़े निवेशक गोरखपुर की ओर आकर्षित हो रहे हैं। यह मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर आने वाले समय में गोरखपुर को यूपी के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों की कतार में ला खड़ा करेगा।

अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में बनेगी गोरखपुर की पहचान

गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा बताते हैं कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर जनपद सीमा के अंतर्गत 153 एकड़ औद्योगिक भूखंडों के आवंटन के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बेहतर कानून-व्यवस्था, सुदृढ़ कनेक्टिविटी और सुलभ औद्योगिक भूमि की उपलब्धता के चलते देश और प्रदेश के बड़े निवेशक गोरखपुर में अपनी इकाइयां लगाने में गहरी रुचि दिखा रहे हैं। लिंक एक्सप्रेसवे के समीप मूर्त रूप में आने वाला इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर आने वाले दिनों में गोरखपुर को प्रदेश ही नहीं देश के अग्रणी औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story