गोरखपुर : आस्था, संस्कृति और सेवा का संगम बनेगा पूज्य श्री झूलेलाल महोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर : आस्था, संस्कृति और सेवा का संगम बनेगा पूज्य श्री झूलेलाल महोत्सव


-रक्तदान से खेल प्रतियोगिताओं तक सहभागिता करेगा सिंधी समाज

-14 से 25 अगस्त तक गोरखपुर में होंगे धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और खेल आयोजन

गोरखपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर में सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल के प्रति आस्था, गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सेवा और सामुदायिक एकता का प्रतीक पूज्य श्री झूलेलाल महोत्सव–2026 इस वर्ष 14 से 25 अगस्त तक विविध आयोजनों के साथ मनाया जाएगा। करीब 12 दिनों तक चलने वाले महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, भजन संध्या और बहिराणा जुलूस आकर्षण का केंद्र होंगे।

महोत्सव के महामंत्री देवा केशवानी ने बताया महोत्सव का शुभारंभ 14 अगस्त को शाम पांच बजे सिंधी धर्मशाला स्थित कल्याण पैलेस में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन से होगा। इसका आयोजन श्री झूलेलाल मंडल, गोरखनाथ की ओर से किया जाएगा।

15 अगस्त को द रिगालिया रिजॉर्ट, राजेंद्र नगर में प्रगति सिंधी क्लब की ओर से महिलाओं एवं बच्चों के लिए ‘रब ने बना दी जोड़ी’ तथा ‘बेस्ट आउट ऑफ द वेस्ट’ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। युवा प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से 16 अगस्त को बीआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राजेंद्र नगर में प्रातः 11 बजे से सिंधी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप–सीजन 2 आयोजित होगी। गोरखपुर सिंधी यूथ फाउंडेशन के इस आयोजन में समाज के युवा विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

18 अगस्त को पूज्य माता साहेब आश्रम, जटाशंकर में शाम सात बजे से साव मंगल एवं झूलेलाल धमाल का आयोजन होगा। भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी इस संध्या का आयोजन पूज्य माता साहेब आश्रम करेगा।

महाआरती और भजनों से गूंजेगा शहर

22 अगस्त को राजेंद्र नगर स्थित झूलेलाल मंदिर स्थल पर रात आठ बजे से महाआरती एवं भजन संध्या होगी। इसमें साईं रविदास जी की विशेष प्रस्तुति होगी। आयोजन की जिम्मेदारी आदर्श पंचायत, शास्त्री नगर संभालेगी।

सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को समर्पित 23 अगस्त को सिंधी धर्मशाला, गोरखनाथ में सुबह 11 बजे से रक्तदान शिविर के साथ इंडोर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं होंगी। चेस और कैरम सहित विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन उत्तर प्रदेश सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया यूथ विंग, गोरखपुर की ओर से किया जाएगा। 24 अगस्त को चैतदीप पैलेस, गोरखनाथ में रात 10 बजे से श्री झूलेलाल समिति की ओर से महाआरती, पल्लव की रात, सांस्कृतिक संध्या एवं रात्रि भंडारे का आयोजन होगा।

25 अगस्त को निकलेगा बहिराणा जुलूस

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 25 अगस्त को निकलने वाला बहिराणा जुलूस होगा। शाम चार बजे गोरखनाथ स्थित झूलेलाल मंदिर से भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रात्रि में राजघाट पहुंचेगा, जहां विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सिंधी सुपर स्टार टीम, गोरखपुर की ओर से भी विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story