गोरखपुर : राप्ती नदी किनारे छापेमारी में 25 लीटर कच्ची शराब बरामद, कई भट्ठियां भी ध्वस्त
गोरखपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने मंगलवार को राजघाट थाना क्षेत्र में व्यापक छापेमारी की। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने राप्ती नदी के किनारे स्थित अमरूद के बागों, झाड़ियों तथा अन्य संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके साथ ही शराब तैयार करने के लिए रखा गया लगभग 250 किलोग्राम लहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया। टीम ने अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त कई भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कच्ची शराब के कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर मौजूद संदिग्ध गतिविधियों की जांच करते हुए अवैध शराब निर्माण से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मामले में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

