डॉ. आंबेडकर का जीवन समानता और अधिकारों की स्थापना का अनुपम उदाहरण : दीपक मीणा

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. आंबेडकर का जीवन समानता और अधिकारों की स्थापना का अनुपम उदाहरण : दीपक मीणा


गोरखपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारत रत्न, भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं सामाजिक न्याय के अग्रदूत डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अपने सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके महान व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया गया।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और अधिकारों की स्थापना का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने कठिन परिश्रम, विद्वता और दूरदर्शिता से भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एक सशक्त लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया। उनके द्वारा रचित संविधान ने हर नागरिक को समान अधिकार, न्याय और गरिमा के साथ जीने का अधिकार सुनिश्चित किया।

इस अवसर पर एडीएम वित्त विनीत कुमार सिंह, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्षों और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का योगदान केवल संविधान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने भारत को एक आधुनिक, समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज बनाने की दिशा दिखाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story