गोरखपुर में एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का हुआ शुभारंभ, सीखेंगे सैन्य गुर
गोरखपुर, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में रविवार काे 45 यूपी एनसीसी बटालियन के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-155 का केंद्रीय विद्यालय संख्या-2, उनौला में विधिवत शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर 8 जून तक संचालित होगा। इसमें जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों से जुड़े लगभग 600 एनसीसी कैडेट प्रतिभाग कर रहे हैं।
शिविर में एनसीसी के व्यापक पाठ्यक्रम के अंतर्गत कैडेट्स को सैन्य एवं असैन्य गतिविधियों का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में शारीरिक दक्षता, परेड, ड्रिल, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, सामूहिक जीवन, आपदा प्रबंधन, राष्ट्रसेवा की भावना तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं से संबंधित गतिविधियां शामिल रहेंगी।
45 यूपी एनसीसी बटालियन के कमान अधिकारी एवं कैम्प कमांडेंट कर्नल जयवीर सिंह, सेना मेडल के कुशल नेतृत्व में शिविर का संचालन किया जा रहा है। प्रशिक्षण व्यवस्था को प्रभावी एवं अनुशासित बनाने के लिए भारतीय थल सेना के अनुभवी एवं ख्यातिप्राप्त विभिन्न पदक्रमों के अनुदेशकों को तैनात किया गया है। शिविर की दिनचर्या प्रातः 6 बजे पीटी परेड से प्रारंभ होकर सायं 6 बजे रोल कॉल तक निर्धारित रहेगी।
डिप्टी कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार सिंह शिविर के प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र एवं व्यवस्था पर निरंतर निगरानी बनाए हुए हैं। शिविर के प्रथम दिन विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए कैडेटों ने स्वागत पटल पर अपने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर पंजीकरण कराया। इसके पश्चात थल सेना के अनुदेशकों द्वारा उन्हें शिविर की दिनचर्या, अनुशासन, आवासीय व्यवस्था, प्रशिक्षण प्रणाली तथा आगामी गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सायंकालीन सत्र में कैम्प कमांडेंट कर्नल जयवीर सिंह, सेना मेडल ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी शिविर केवल प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कैडेटों से पूरे मनोयोग, अनुशासन और उत्साह के साथ शिविर की प्रत्येक गतिविधि में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर राकेश कुमार, सूबेदार अरविंद कुमार, सूबेदार विष्णु पुरी, सूबेदार क्वार्टर मास्टर सहित अन्य सैन्य अधिकारी एवं अनुदेशक उपस्थित रहे।
यह जानकारी शिविर प्रवक्ता डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी ने दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

