मीरजापुर : रिमझिम फुहारों के बीच शीतला और दुलारो देवी धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : रिमझिम फुहारों के बीच शीतला और दुलारो देवी धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब


मीरजापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में छानबे क्षेत्र के विजयपुर स्थित शीतला धाम और डेरवां बलापुर गांव के दुलारो देवी धाम में

साेमवार काे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही रिमझिम बारिश के बीच श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए मंदिरों में पहुंचते रहे। महिलाओं ने मंदिर परिसर के आसपास चूल्हे जलाकर कढ़ाई पर पूड़ी-हलवा का प्रसाद तैयार कर देवी मां को अर्पित किया।

लोकमान्यता के अनुसार, नवविवाहित महिलाएं लाल साड़ी पहनकर माता के दरबार में पूड़ी-हलवा का प्रसाद चढ़ाती हैं और अपने पति की लंबी आयु व अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं। इस दाैरान सखियों के साथ मंगल गीत गाते हुए महिलाएं दोनों मंदिरों में पहुंचीं, जिससे पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। करीब डेढ़ किलोमीटर तक फैले मेला क्षेत्र में सैकड़ों स्थानों पर चूल्हे जलते नजर आए, जहां श्रद्धालु प्रसाद तैयार कर रहे थे। मेले में लगी दुकानों पर भी दिनभर अच्छी खरीदारी हुई, जिससे दुकानदारों के चेहरे खिले रहे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। गैपुरा चौकी प्रभारी सुरेश दुबे पुलिस टीम के साथ लगातार मेला क्षेत्र में गश्त करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। चोर-उचक्कों और मनचलों पर भी पुलिस की विशेष नजर रही। हालांकि, गैपुरा-विजयपुर मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बावजूद ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही से कई स्थानों पर जाम लगा। इससे दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story