चुनार जंक्शन का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, खामियों पर लगाई फटकार
मीरजापुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को चुनार जंक्शन का निरीक्षण कर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए गुणवत्ता व सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता न करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीआरएम रजनीश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
सुबह करीब सवा दस बजे स्टेशन पहुंचे महाप्रबंधक ने मुख्य भवन का निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म नंबर एक की ओर जाने वाले क्षतिग्रस्त रैंप को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्य, सफाई व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। प्लेटफॉर्म नंबर चार व पांच के पास एफओबी के निकट बने विद्युत पैनल कक्ष के जीर्णोद्धार के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए वाटर बूथ की ऊंचाई बढ़ाने और नए बूथ जल्द तैयार कराने को कहा। डीईएन संजय चौधरी को कार्यों की निगरानी सख्त करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म एक से पांच तक प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए महाप्रबंधक ने इसे समय पर पूरा कराने पर जोर दिया। स्टेशन यार्ड व अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए ट्रेनों की गति और परिचालन क्षमता बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

