गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव पर गोरखपुर में सेवा, साधना और सत्संग का भव्य आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव पर गोरखपुर में सेवा, साधना और सत्संग का भव्य आयोजन


गोरखपुर, 13 मई (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव तथा आर्ट ऑफ लिविंग के 45 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। आर्ट ऑफ लिविंग गोरखपुर चैप्टर द्वारा शहर में विभिन्न सेवा एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे दिन चले कार्यक्रमों में सेवा, साधना और सत्संग का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे ऑफिसर क्लब, गोरखपुर में ज्योत्सना पाल के नेतृत्व में आयोजित प्रातःकालीन साधना से हुई। इस दौरान योग, ध्यान, प्राणायाम एवं विश्व प्रसिद्ध सुदर्शन क्रिया कराई गई। बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। इसके बाद डॉ. राजकुमार यादव के नेतृत्व में बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। वहीं डॉ. विवेक यादव के नेतृत्व में इलाहीबाग क्षेत्र में निःशुल्क डेंटल चेकअप कैंप लगाया गया, जहां लोगों के दांतों की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। आयोजकों ने कहा कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर का संदेश केवल आध्यात्मिकता तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story