गंगा में मिला लापता युवती का शव

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में मिला लापता युवती का शव


मीरजापुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र स्थित हरसिंहपुर गांव की एक युवती का शव बुधवार को विंध्याचल गंगा घाट पर मिला। युवती 10 अप्रैल से लापता थी और उसकी तलाश कई दिनों से की जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर ली गई।

थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि हरसिंहपुर निवासी गोरखनाथ सरोज की पुत्री आशिकाना सरोज 10 अप्रैल को अचानक घर से गायब थी। तलाश के दौरान उसका चप्पल हरसिंहपुर से विंध्याचल जाने वाले पीपा पुल पर मिला था, जिसके बाद अनहोनी की आशंका गहरा गई थी।

पिता की तहरीर पर चील्ह थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर स्थानीय गोताखोरों व एसडीआरएफ टीम की मदद से गंगा में लगातार खोजबीन कराई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार दोपहर विंध्याचल गंगा घाट पर एक युवती का शव उतराता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराई, जिसमें उसकी पहचान लापता आशिकाना सरोज के रूप में हुई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story