औरैया में नाबालिग लड़की ने रुकवाया अपना विवाह, बाल कल्याण विभाग ने परिजनाें काे समझाया

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में नाबालिग लड़की ने रुकवाया अपना विवाह, बाल कल्याण विभाग ने परिजनाें काे समझाया


औरैया, 05 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की ने साहस दिखाते हुए अपनी ही शादी रुकवा दी। मामला ग्राम ईटहा का है, जहां 17 वर्ष 10 माह की किशोरी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को शिकायत देकर बताया कि उसके परिजन उसकी जबरन शादी करवा रहे थे, जबकि वह अभी 18 वर्ष की नहीं हुई है।

किशोरी के अनुसार उसकी शादी 5 मई 2026 को तय की गई थी। लेकिन उसने स्पष्ट रूप से कहा कि वह नाबालिग है और कानूनन विवाह योग्य आयु पूरी नहीं हुई है, इसलिए वह इस शादी के लिए सहमत नहीं है। 4 मई 2026 को उसने जिला प्रोबेशन कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। फफूंद थाना पुलिस और बाल कल्याण विभाग की टीम तुरंत गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर स्थिति को स्पष्ट किया और उन्हें बाल विवाह कानून के प्रावधानों की जानकारी दी।

बाल संरक्षण अधिकारी रीना चौहान ने बताया कि परिजनों को समझाया गया है कि बालिग होने से पहले शादी कराना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि लड़की की सुरक्षा और अधिकारों को प्राथमिकता दी जा रही है और आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story