गंगा में कूदी युवती, मछुआरों ने बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में कूदी युवती, मछुआरों ने बचाई जान


मीरजापुर, 17 मार्च (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती ने गंगा पुल से छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद मछुआरों की सूझबूझ और बहादुरी से उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार जलालपुर माफी गांव निवासी 23 वर्षीय अनुपमा साइकिल से पक्का गंगा पुल पर पहुंची। वहां साइकिल खड़ी करने के बाद उसने अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। पुल पर मौजूद लोगों ने यह दृश्य देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास हड़कंप मच गया।

इसी दौरान नीचे गंगा में नाव पर मौजूद धर्मेंद्र साहनी और उनके साथियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पानी में कूदकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर धर्मेश कुमार ने उसका इलाज किया। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत अब खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक युवती किसी बात को लेकर नाराज थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। मछुआरों की बहादुरी से एक बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय लोग उनकी सराहना कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story