प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती
कानपुर देहात, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र अंतर्गत भावपुर रामलीला मैदान में सोमवार सुबह एक युवती अपने प्रेमी से विवाह करने की मांग को लेकर बंद पड़े मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा करने लगी। इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने प्रेमी काे बुलाया और शादी का आश्वासन मिलने के बाद युवती टावर से नीचे उतरी।
शिवली कोतवाली के अपराध निरीक्षक शैलेंद्र यादव ने बताया कि औरैया जनपद की मूल निवासी युवती अंजना वर्तमान समय में चकरपुर क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहती और पनकी स्थित एक निजी फैक्ट्री में कार्य करती है। सोमवार सुबह लगभग चार बजे वह शिवली के भावपुर स्थित रामलीला मैदान पहुंची और वहां स्थित एक बंद पड़े मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। जब आसपास के लोगों ने उसे टावर की ऊंचाई पर बैठे देखा तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। वहां लोगों का मजमा लग गया।
टावर पर चढ़ी युवती लगातार अपने प्रेमी को मौके पर बुलाए जाने और उससे तुरंत शादी कराने की जिद पर अड़ी रही। घटना की जानकारी मिलते ही शिवली कोतवाली के अपराध निरीक्षक शैलेंद्र यादव और भावपुर चौकी प्रभारी अरुण कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने युवती को बहुत समझाया और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी करने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी बात पर अटल रही। उसका साफ कहना था कि जब तक उसका प्रेमी वहां नहीं आएगा और उसे शादी का पक्का भरोसा नहीं देगा, वह नीचे नहीं उतरेगी।
पुलिस प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के तमाम प्रयासों के बाद करीब पांच घंटे तक यह पूरा घटनाक्रम चलता रहा। सुबह लगभग चार बजे टावर पर चढ़ी युवती अंततः सुबह नौ बजे के आसपास नीचे उतरी, जब उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया गया और उसने युवती को विवाह करने का पूरा आश्वासन दिया। प्रेमी द्वारा शादी का भरोसा दिए जाने के बाद युवती ने टावर से नीचे कदम रखा। युवती के सुरक्षित नीचे उतर आने पर पुलिस और वहां मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

