विश्व स्तनपान दिवस पर जागरूकता अभियान, कन्या जन्मोत्सव व गोदभराई कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
विश्व स्तनपान दिवस पर जागरूकता अभियान, कन्या जन्मोत्सव व गोदभराई कार्यक्रम आयोजित


मीरजापुर, 06 अगस्त (हि.स.)। विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिला कल्याण विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सीखड़ ब्लॉक सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्तनपान के महत्व, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र कुमार सिंह ने किया। इस दौरान नवजात बच्चियों के साथ केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया तथा उनके अभिभावकों को बेबी किट भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।

कार्यक्रम में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के स्टिकर, टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से कन्या जन्म को उत्सव की तरह मनाने और बेटियों को भी समान शिक्षा, पोषण व अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

खंड विकास अधिकारी रामजी मिश्र ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। वहीं जिला मिशन समन्वयक डॉ. मंजू यादव ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, सामूहिक विवाह योजना, महिला हेल्पलाइन सहित विभिन्न महिला एवं बालिका कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भोला यादव ने नवजात शिशुओं के लिए मां के दूध के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्तनपान को सबसे प्रभावी उपाय बताया। कार्यक्रम के अंत में बाल विकास परियोजना अधिकारी नीलू मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर चाइल्ड लाइन की नीतू सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story