आग से झुलसी बालिका की ट्रामा सेंटर में मौत

WhatsApp Channel Join Now

बाराबंकी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी बृहस्पतिवार दोपहर थाने से मात्र 100 मीटर दूर खेत में आग की लपटों से जलती हुई देखी गई। गंभीर हालत में उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस की पूछताछ में किशोरी ने पास के ही पेट्रोप पंप पर काम करने वाले एक युवक का नाम लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मोहम्मदपुर खाला निवासी मैकू के सात बच्चे हैं। इनमें चार पुत्रियां व तीन पुत्र हैं। डेढ़ महीने पहले सियार के हमले में घायल मैकू की मौत हो चुकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर में मैकू की पुत्री प्रीति (17) घर से पानी लेकर शौच के लिए निकली थी। इसके बाद मोहम्मदपुर खाला थाने के पीछे ईंट भट्ठे के पास कुछ जलता देखा गया। साथ में चीखने की आवाज आ रही थी। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे तो प्रीति को जलता देख सन्न रह गए। किसी तरह से आग बुझाकर उसे सीएचसी सूरतगंज पहुंचाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने प्रीति का बयान लिया, तो उसने मोहम्मदपुर खाला चौराहा स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक का नाम लिया। वह ज्यादा नहीं बोल सकी। हालत बिगड़ने पर ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां माैत हाे गई। पुलिस ने जांच शुरू की तो युवक पेट्रोल पंप पर नौकरी छोड़कर जा चुका है। मोहम्मदपुर खाला थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से पेट्रोल का डिब्बा व पानी की बोतल मिली है। छानबीन जारी है। मामला आत्महत्या कर प्रतीत हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story