किराए के मकान में मिला जनरेटर ऑपरेटर का शव, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
किराए के मकान में मिला जनरेटर ऑपरेटर का शव, जांच में जुटी पुलिस


मीरजापुर, 03 जून (हि.स.)। नगर के रामबाग क्षेत्र में बुधवार को एक किराए के मकान में 50 वर्षीय जनरेटर ऑपरेटर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

मृतक की पहचान राकेश पटेल (50) पुत्र यज्ञसेन पटेल निवासी हन्ना चौर, थाना मऊगंज, जिला मऊगंज (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 30 वर्षों से न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी में जनरेटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। रामबाग स्थित ओमप्रकाश यादव के मकान में किराये पर रहते थे।

बताया गया कि करीब एक माह पहले उनका परिवार पैतृक गांव चला गया था, जिसके बाद वह अकेले रह रहे थे। सोमवार को वह अपने कार्यस्थल पर नहीं पहुंचे। मंगलवार को उनकी बेटी ने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। चिंतित बेटी ने एक परिचित को इसकी जानकारी दी। परिचित का भाई मकान पर पहुंचा तो दरवाजा बंद मिला, जिसके बाद वह लौट गया।

बुधवार को भी संपर्क न होने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस और जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विनय कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया गया तो सीढ़ी के पास राकेश पटेल का शव पड़ा मिला।

स्थानीय लोगों के अनुसार राकेश पटेल उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित थे। आशंका जताई जा रही है कि अचानक तबीयत बिगड़ने पर सीढ़ियों से उतरते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और गिरने से गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story