कार्तिक पूर्णिमा पर गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 हजार भक्तों ने किए दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
कार्तिक पूर्णिमा पर गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 हजार भक्तों ने किए दर्शन


- मां शीतला के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर, सुबह से देर शाम तक लगी रही श्रद्धालुओं की कतार

मीरजापुर, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया क्षेत्र के प्रसिद्ध गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए पुरुषों और महिलाओं की लंबी कतार लग गई। मां शीतला के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा। क्षेत्र के अलावा पड़ोसी जनपद प्रयागराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

भक्तों ने मां को माला-फूल, चुनरी, नारियल और हलवा-पूड़ी का प्रसाद चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से देर शाम तक दर्शनार्थियों के आने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते मंदिर परिसर और आसपास मेले जैसा माहौल बना रहा। मंदिर के पुजारी रजनीश पांडेय और मंगलधारी मिश्र ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर करीब 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। हालांकि, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मंदिर परिसर के आसपास गंदगी भी जमा रही। मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए हलिया थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ लगातार भ्रमण करते रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story