गड़बड़ा शीतला धाम में उमड़े 20 हजार श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
गड़बड़ा शीतला धाम में उमड़े 20 हजार श्रद्धालु


- मां के दर्शन को लगी लंबी कतारें, मेले में खिलौनों और लकड़ी के सामान की हुई खरीदारी

मीरजापुर, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया क्षेत्र स्थित गड़बड़ा शीतला धाम में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी पर करीब 20 हजार भक्तों ने मां शीतला के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं। दूर-दराज के गांवों और जिलाें से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

कई श्रद्धालुओं ने पहले सेवटी नदी में स्नान किया, फिर मां के दरबार में पहुंचकर माला, फूल, नारियल, चुनरी, हलुवा और पूरी चढ़ाई। मां की एक झलक पाने के लिए भक्त घंटों कतार में खड़े रहे। मंदिर परिसर में घंटा-घड़ियाल और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। मंदिर प्रबंधक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करते रहे। हालांकि, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मंदिर परिसर के आसपास गंदगी का अंबार लगा रहा। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं होने और शौचालय क्षतिग्रस्त होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। श्रद्धालु पेयजल और शौचालय के लिए इधर-उधर भटकते रहे।

मंदिर के पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि सुबह से शाम तक करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां शीतला का दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद लोगों ने मेले में लकड़ी से बने घरेलू उपकरणों और अन्य सामान की खरीदारी की। बच्चों ने खिलौने खरीदे और मेले का आनंद लिया।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story