गंगा के बढ़ते जलस्तर से चुनार में बढ़ी चिंता, डीएम ने बाढ़ से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा
मीरजापुर, 31 अगस्त (हि.स.)। गंगा के बढ़ते जलस्तर से चुनार तहसील क्षेत्र में बाढ़ का खतरा लगातार गहराता जा रहा है। नदी का पानी तेजी से गांवों और खेतों की ओर बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सोमवार को तहसील चुनार के ग्राम बगही और संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी चुनार ने बताया कि तहसील क्षेत्र में 13 बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी चौकियों पर कार्मिकों की जिम्मेदारी स्पष्ट करने तथा आवश्यक संसाधनों की नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ आने के बाद तैयारी करने के बजाय सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी रहनी चाहिए।
डीएम ने राहत शिविरों में भोजन पकाने वालों की व्यवस्था, पर्याप्त खाद्यान्न, पशुओं के लिए चारा, प्रकाश व्यवस्था, टार्च, छाता और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध रखने को कहा। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ संबंधी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर पूर्व में आई बाढ़ और प्रभावित होने वाले क्षेत्रों की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की।
इधर, चुनार क्षेत्र में गंगा का पानी अब तेजी से गांवों की ओर बढ़ रहा है। मेड़िया स्थित बाहा से निकलकर पानी खानपुर, सोनवर्षा, फुलहा होते हुए मझरा, भगीरथपुर, धनैता और विदापुर तक पहुंच गया है। मेड़िया, खानपुर, सोनवर्षा, गौरैया और घमही गांवों के सिवान में पानी पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। सैकड़ों बीघे खेत जलमग्न होने लगे हैं। मिर्च, धान, मक्का, बाजरा और सब्जियों की फसलें पानी में डूबने से किसानों को नुकसान की आशंका सताने लगी है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, एसडीएम चुनार अनेग सिंह, तहसीलदार चुनार, ग्राम प्रधान बगही रेशू पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

