कानपुर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 20 सेंटीमीटर ऊपर

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 20 सेंटीमीटर ऊपर


कानपुर, 07 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर सोमवार को फिर बढ़ गया। कानपुर बैराज पर गंगा 114.200 मीटर पर बह रही है, जबकि चेतावनी बिंदु 114.000 मीटर है। यानी गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 20 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। पिछले दिन के मुकाबले भी जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार कानपुर बैराज पर डाउनस्ट्रीम जलस्तर 113.930 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से 359202 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा है। बैराज पर खतरे का निशान 115.000 मीटर निर्धारित है।

रविवार को बैराज के अपस्ट्रीम में गंगा का जलस्तर 113.960 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 113.710 मीटर था। इसके मुकाबले सोमवार को अपस्ट्रीम में 24 सेंटीमीटर और डाउनस्ट्रीम में 22 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर बढ़कर 112.640 मीटर पहुंच गया है। यहां चेतावनी बिंदु 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है। रविवार को शुक्लागंज में जलस्तर 112.250 मीटर था। इस तरह यहां भी 39 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है।

हरिद्वार बैराज से 121147 क्यूसेक और नरोरा बैराज से 99297 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से निगरानी जारी है।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। निचले और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story